दफ्तर जाने निकली सपना की राह में मौत बनकर आया डंपर, नो-एंट्री में कैसे पहुंचा भारी वाहन ?

 


(अपराध संवाददाता)

भोपाल। सुबह घर से निकली 25 वर्षीय सपना कुमारी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि दफ्तर तक पहुंचने का उनका सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। रोज की तरह वह रैपिडो बाइक से अपने कार्यस्थल जा रही थीं, लेकिन भदभदा चौराहे पर एक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। दूसरी बाइक की टक्कर से रैपिडो का संतुलन बिगड़ा और सपना सड़क पर जा गिरीं। इसी बीच पीछे से आए डंपर ने उन्हें कुचल दिया। कुछ ही पलों में एक युवा महिला पत्रकार की जिंदगी खत्म हो गई।


यह दर्दनाक हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी पत्रकार के रूप में काम कर रही थीं। हादसे के बाद डंपर चालक और टक्कर मारने वाला दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गए।


इस हादसे का सबसे गंभीर पहलू डंपर की मौजूदगी है। भोपाल में भारी वाहनों की नो-एंट्री का समय सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक बताया जाता है। यानी जिस समय सपना हादसे का शिकार हुईं, उस समय शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर नो-एंट्री के बावजूद डंपर भदभदा चौराहे तक कैसे पहुंचा? रास्ते में उसे किसी ने रोका क्यों नहीं? क्या भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखने की व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित है?


सूचना मिलने पर कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सपना के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालकों की पहचान करने में जुटी है।


एक युवा पत्रकार की मौत के बाद अब सवाल सिर्फ दो फरार चालकों की तलाश का नहीं है। सवाल उस यातायात व्यवस्था का भी है, जिसके बीच प्रतिबंधित समय में भारी वाहन सड़कों पर दौड़ते रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ