कुशीनगर एक्सप्रेस में बुजुर्ग महिला से मारपीट, टीटीई गिरफ्तार



 (शहर संवाददाता)

भोपाल। राजधानी  में चलती ट्रेन में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना कुशीनगर एक्सप्रेस में हुई, जहां टीटीई द्वारा महिला के साथ कथित तौर पर अभद्रता और हिंसा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला नर्मदापुरम से भोपाल आ रही थीं। ट्रेन छूटने की जल्दबाजी में वे एसी कोच में चढ़ गईं, जबकि उनका टिकट स्लीपर कोच का था। बताया जा रहा है कि महिला अपने कोच में जाने ही वाली थीं, तभी ड्यूटी पर मौजूद टीटीई नदीम खान वहां पहुंचा।

आरोप है कि एसी कोच में चढ़ने को लेकर टीटीई भड़क गया और उसने महिला से बदसलूकी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला का हाथ पकड़ा और मरोड़ा, इसके बाद गुस्से में उनके चेहरे पर जोरदार घूंसा मार दिया। इस हमले में महिला का एक दांत टूट गया और उनके मुंह से खून बहने लगा।

घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर महिला को आरोपी से बचाया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी और भोपाल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी टीटीई नदीम खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला भोपाल की निवासी हैं और उनका बेटा भी रेलवे में टीटीई के पद पर कार्यरत है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ