ट्विशा मौत मामला पहुंचा निर्णायक मोड़ पर, आरोपी पति करेगा सरेंडर



हाईकोर्ट ने दिए दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश, CBI जांच की सिफारिश से बढ़ी मुश्किलें 

(विशेष संवाददाता)

भोपाल/जबलपुर। मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। सुनवाई के दौरान समर्थ की ओर से अदालत को बताया गया कि वह आत्मसमर्पण करने को तैयार है। दूसरी ओर हाईकोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं, जबकि राज्य सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंपने की सिफारिश की है।

आरोपी पति करेगा सरेंडर

जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में शुक्रवार को मामले की सुनवाई हुई। समर्थ सिंह की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि आरोपी अग्रिम जमानत नहीं चाहता और ट्रायल कोर्ट के समक्ष सरेंडर करेगा। इसके बाद अदालत ने जमानत याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी।

दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की टीम की दोबारा करेगी पोस्टमार्टम

इसी दौरान हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश भी जारी किए। अदालत ने कहा कि दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाए। कोर्ट ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने तथा शव को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं।

ट्विशा के परिजनों ने महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज करने के लगाए थे आरोप

ट्विशा के परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए हत्या और दहेज प्रताड़ना की आशंका जताई थी। परिवार का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर चोटों के निशान थे और जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। इसी आधार पर हाईकोर्ट में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की गई थी।

ट्विशा की मौत के मामले में हो सकती है CBI जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने भी CBI जांच की सिफारिश कर दी है। माना जा रहा है कि अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और चैट रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी।

उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में हुई थी। शादी को अभी छह माह भी पूरे नहीं हुए थे। पुलिस ने पति समर्थ सिंह सहित अन्य के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज किया है। समर्थ पिछले कई दिनों से फरार बताया जा रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ