एम्स दिल्ली की टीम ने किया दोबारा पोस्टमार्टम, पुलिस रिमांड में है आरोपी पति
(विशेष संवाददाता)
भोपाल। मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हाईकोर्ट के निर्देश पर एम्स दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने भोपाल पहुंचकर ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम किया। इसके बाद परिवार ने आज शाम भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है। वहीं अस्थियों का विसर्जन ऋषिकेश में किया जाएगा।
13 दिनों से मॉर्चुरी मे रखा था शव
जानकारी के अनुसार ट्विशा का शव पिछले करीब 13 दिनों से एम्स भोपाल की मॉर्चुरी में रखा गया था। परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने दोबारा पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
7 दिन की पुलिस रिमांड मे है समर्थ
इधर मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल पुलिस रिमांड में है। समर्थ ने हाल ही में जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके बाद भोपाल पुलिस उसे लेकर आई। भोपाल कोर्ट ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस उससे मौत की परिस्थितियों, मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को लेकर पूछताछ कर रही है।
अंतिम यात्रा मे शामिल होगा समर्थ..?
समर्थ सिंह के अंतिम यात्रा में शामिल होने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि उसके वकील ने अदालत में अंतिम संस्कार की तैयारियों का हवाला देते हुए समय मांगा था, लेकिन पुलिस या कोर्ट की ओर से उसे अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।

0 टिप्पणियाँ