नक्सल उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए गृह मंत्री ने किया मध्यप्रदेश पुलिस को सम्मानित

 



(शेख फ़िरोज़)

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नक्सल उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं हॉक फोर्स के जवानों को सम्मानित किया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित बादल अकादमी में आयोजित “उजर बस्तर” कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश पुलिस को यह उपलब्धि बालाघाट और छत्तीसगढ़ सीमा से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल एंटी-नक्सल अभियानों, मजबूत अंतरराज्यीय समन्वय, सटीक खुफिया तंत्र और दुर्गम क्षेत्रों में निरंतर ऑपरेशन चलाने के लिए मिली है।

सम्मानित अधिकारियों में विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, पुलिस आयुक्त भोपाल एवं तत्कालीन आईजी बालाघाट ज़ोन संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक बालाघाट आदित्य मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली एवं तत्कालीन कमांडेंट हॉक फोर्स शियाज़ के.एम., तथा पुलिस उपायुक्त भोपाल एवं तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एंटी नक्सल ऑपरेशन आदर्श कांत शुक्ला शामिल रहे। इसके अलावा हॉक फोर्स के निरीक्षक राम पदम शर्मा, अतुल शुक्ला, राजेश धुर्वे और सहायक उप निरीक्षक ब्रजेश राजावत को भी उनके साहस और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस की हॉक फोर्स और एंटी नक्सल ऑपरेशन इकाइयों ने बीते वर्षों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई रणनीतिक और साहसिक अभियान चलाए हैं। इन अभियानों के जरिए नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने, उनकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और सीमावर्ती राज्यों मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच समन्वित कार्रवाई को मजबूती देने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ