स्टूडेंट निकला मास्टरमाइंड: भोपाल में IAS कोचिंग डायरेक्टर से ₹1.89 करोड़ की सनसनीखेज वसूली

 


सेमिनार के बहाने बुलाया, पिस्टल की नोक पर बनाया बंधक, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

(शहर संवाददाता)

 भोपाल। राजधानी में एक चौंकाने वाली सनसनीखेज़  वारदात सामने आई है, जहां दिल्ली की एक IAS कोचिंग अकादमी की संचालिका को सेमिनार और नया सेंटर खोलने का झांसा देकर बुलाया गया और पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर उनसे ₹1.89 करोड़ ट्रांसफर करा लिए गए।

भोपाल क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कर पूरी रकम होल्ड कर ली है, जिसे जल्द ही पीड़िता के खाते में वापस किया जाएगा।

ऐसे रची गई पूरी साजिश

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि  आरोपी प्रियांक शर्मा, जो पहले उसी अकादमी का छात्र और सहयोगी रह चुका था, ने पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाते हुए पूरी साजिश रची। पीड़िता को सेमिनार और नया सेंटर खोलने के बहाने दिल्ली से भोपाल बुलाया गया। 30 अप्रैल को उन्हें बाग सेवनिया इलाके के एक किराए के मकान में ले जाया गया। यहां पहले से मौजूद हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें और उनके स्टाफ को बंधक बना लिया।

पिस्टल और कट्टे की नोक पर धमकाकर ₹1.89 करोड़ आरोपी की फर्म जनकशिला और RS इंटरप्राइजेस के खातों में ट्रांसफर कराए गए।

शोर छुपाने के लिए कराया सुंदरकांड

आरोपियों ने वारदात से एक दिन पहले ही मकान किराए पर लिया था और उसी दिन वहां सुंदरकांड का आयोजन कराया, ताकि किसी को शक न हो और पीड़ितों की आवाज बाहर न जा सके।

नकली किडनैपिंग वीडियो बनाकर डराया

पीड़ितों को डराने के लिए आरोपियों ने एक फर्जी अपहरण वीडियो भी बनाया। इसमें एक आरोपी को रस्सी से बांधकर बॉक्स में बंद करने का नाटक किया गया और धमकी दी गई कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उन्हें हत्या के केस में फंसा दिया जाएगा।

आरोपी ने AIIMS में बीमारी का किया नाटक

घटना के बाद मुख्य आरोपी प्रियांक शर्मा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को AIIMS भोपाल के ICU में भर्ती करा लिया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे सामान्य पाया, जिसके बाद पुलिस ने वहीं से उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसकी मां और पत्नी ने अस्पताल में हंगामा भी किया।

गिरफ्तार आरोपी

प्रियांक शर्मा (मास्टरमाइंड)

रोहित मालवीय

दीपक भगत

विकास उर्फ विक्की दहिया

कुनाल यादव

पंकज अहिरवार

एक आरोपी रामजी उर्फ निहाल फरार है, जबकि एक अन्य की भूमिका की जाँच जारी है।

विदेश भागने की थी तैयारी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात के बाद विदेश भागने की योजना बना रहा था।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ