(विशेष संवाददाता)
भोपाल। नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर पश्चिम मध्य रेलवे का भोपाल मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भोपाल सहित पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दिन यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य सुरक्षा कर्मी भी भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
25 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में नीट यूजी-2026 परीक्षा का आयोजन 25 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए भोपाल और अन्य शहरों में पहुंचेंगे। इसे देखते हुए रेलवे, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया है ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन स्टेशनों पर रहेगी विशेष निगरानी
भोपाल मंडल के अंतर्गत भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और विदिशा रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा और यात्रियों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय परिवहन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

0 टिप्पणियाँ