जश्न-ए-तालीम 2026’ में मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान, दो लाख बीजों के वितरण से दिया जाएगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 



(शहर संवाददाता)


भोपाल। शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अनूठी पहल के तहत परवाज़ सोशल अवेयरनेस एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित "जश्न-ए-तालीम 2026 – परवाज़-ए-अबाबील अवार्ड सेरेमनी (सीज़न-2)" में जहां प्रदेशभर के मेधावी मुस्लिम छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, वहीं "तालीम के साथ हरियाली" अभियान के अंतर्गत लगभग दो लाख बीजों का वितरण कर हरित भविष्य का संदेश भी दिया जाएगा। यह राज्य स्तरीय समारोह 21 जून को शाम 5 बजे रविन्द्र कन्वेंशन सेंटर, पॉलिटेक्निक चौराहा, भोपाल में आयोजित किया जा रहा है।


मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान

समारोह का उद्देश्य मुस्लिम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित मेधावी मुस्लिम छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत भोपाल के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रदेश के प्रत्येक जिले से चयनित टॉपर छात्रों को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे।


शिक्षा और कैरियर को लेकर दिया जायेगा मार्गदर्शन

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, कैरियर मार्गदर्शन, सामाजिक जागरूकता और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी प्रेरणादायी संदेश दिए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद और समाजसेवी विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।


वृक्षारोपण के लिए दो लाख बीजों का वितरण

इस वर्ष समारोह की विशेष आकर्षण "तालीम के साथ हरियाली" अभियान रहेगा। संस्था द्वारा लगभग दो लाख बीजों का वितरण कर विद्यार्थियों और नागरिकों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शिक्षा के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी युवाओं में जागरूकता विकसित करना है।
परवाज़ सोशल अवेयरनेस एंड वेलफेयर सोसायटी ने प्रदेशभर के शिक्षाविदों, समाजसेवियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। संस्था का मानना है कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने वाली यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ