(शहर संवाददाता)
भोपाल। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा का भव्य शुभारंभ 25 सितंबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में 300 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें पीएम ई-बस सेवा के साथ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसें भी शामिल रहेंगी।
इस बड़े आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलों से आएंगी बसें, तय होंगे रूट
कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से आने वाली बसों के लिए पहले से रूट निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। हर रूट के लिए एक रूट प्रभारी और दो बस प्रभारी बनाए जाएंगे।
बसों के प्रस्थान स्थल से लेकर भेल दशहरा मैदान तक पहुंचने वाले मार्ग की पहले से जांच की जाएगी। बसों की तकनीकी जांच और फिटनेस सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। बसों में पानी और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गणेश विसर्जन के कारण चुनौतीपूर्ण रहेगी यातायात व्यवस्था
25 सितंबर को ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के कार्यक्रम भी होंगे। ऐसे में शहर में जुलूस और भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
बसों के निर्धारित मार्गों पर भीड़ वाले स्थानों को पहले से चिन्हित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्यक्रम में आने वाली बसों और आम यातायात को परेशानी न हो।
पार्किंग से लेकर बारिश तक पर नजर
कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को दी गई है। वहीं सड़क निर्माण और मेट्रो कार्य के कारण प्रभावित मार्गों को देखते हुए सुगम वैकल्पिक रूट तय किए जाएंगे।
जिलों से आने वाली बसों की आवाजाही और संभावित जाम पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। गणेश विसर्जन जुलूसों को देखते हुए ग्रामीण पुलिस और भोपाल नगरीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश की संभावना को देखते हुए पुल-पुलियाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जो संभाग स्तर के कंट्रोल रूम से समन्वय करेंगे।
यानी 25 सितंबर को भोपाल में एक ओर 300 बसों की नई परिवहन सेवा की शुरुआत होगी, वहीं दूसरी ओर गणेश विसर्जन के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।

0 टिप्पणियाँ