(विशेष संवाददाता)
भोपाल। देशभर में नीट परीक्षा को लेकर उठे विवाद और नाराजगी के बीच मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) की वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक संयुक्त भर्ती परीक्षा भी तकनीकी गड़बड़ी की भेंट चढ़ गई। भोपाल के मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को दूसरी पाली की ऑनलाइन परीक्षा सर्वर फेल होने के कारण आयोजित नहीं हो सकी, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थियों गुस्सा फुट पड़ा और उन्होंने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
जानकारी के अनुसार, दूसरी पाली की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। अभ्यर्थियों को घंटों तक इंतजार कराया गया, लेकिन तकनीकी समस्या दूर नहीं होने पर परीक्षा संचालन प्रभावित हो गया। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र परिसर में हंगामा करते हुए अव्यवस्था, प्रबंधन की लापरवाही और अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
बढ़ते हंगामे के चलते मौक़े पर पहुंची पुलिस
विरोध बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे दूर-दराज जिलों से परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
दूसरी पाली में प्रभावित हुई परीक्षा 20 जून को
हंगामे के बीच मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने देर शाम आधिकारिक सूचना जारी कर प्रभावित परीक्षा को स्थगित करने की पुष्टि की। मंडल के अनुसार, 7 जून को दूसरी पाली में प्रभावित हुई परीक्षा अब 20 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। पुनर्परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। प्रभावित अभ्यर्थियों को नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा, जिसे मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
एमपीईएसबी द्वारा आयोजित यह भर्ती परीक्षा 4 जून से 19 जून तक विभिन्न केंद्रों पर ऑनलाइन मोड में संचालित की जा रही है। परीक्षा के माध्यम से वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक के पदों पर भर्ती की जानी है।

0 टिप्पणियाँ