(विशेष संवाददाता )
इंदौर। मध्य प्रदेश दौरे पर विशेष विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार सुबह अ इंदौर पहुंचीं। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्यपाल मांगूभाई पटेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए विमानतल और आसपास के क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।
स्वागत के बाद राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से बैतूल जिले के लिए रवाना हो गईं, जहां उनका विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम निर्धारित है। प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की थीं और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
बैतूल में ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम में होंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू बैतूल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी, जिसका आयोजन ब्रह्माकुमारीज द्वारा किया गया है। इस दौरान वे आध्यात्मिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त कर सकती हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बैतूल में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है और भारी वाहनों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है।
पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरा
राष्ट्रपति का यह दौरा पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान वे बैतूल के अलावा ओम्कारेश्वर मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगी, अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा कुनो नेशनल पार्क और रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी के कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से विशेष प्रोटोकॉल लागू किए हैं। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं ताकि राष्ट्रपति का दौरा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

0 टिप्पणियाँ