भोपाल में खाद्य सुरक्षा का बड़ा एक्शन: 10 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त




₹5.50 लाख का स्टॉक सीज, बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार; जांच रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई


(सरफराज)

भोपाल । राजधानी में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को करोंद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 क्विंटल (938 किलोग्राम) संदिग्ध देसी घी जब्त कर लिया। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब ₹5.50 लाख बताई गई है। कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था।


गोवर्धन और अमूल ब्रांड के नाम से रखा था भारी स्टॉक

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करोंद स्थित प्रोस्पेरिटी टेक के शॉप नंबर 4 और 5 पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान गोवर्धन और अमूल ब्रांड के नाम से 15 किलो, 5 किलो, 1 किलो, 500 ग्राम और 200 ग्राम पैकिंग में बड़ी मात्रा में देसी घी रखा मिला। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण पूरे स्टॉक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जब्त कर लिया गया।


लाइसेंस नहीं मिला, अलग से होगी कानूनी कार्रवाई

जांच के दौरान अधिकारियों को प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस नहीं मिला और न ही परिसर में लाइसेंस प्रदर्शित किया गया था। इसे अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने व्यवसायी के खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


अब लैब रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त घी के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए हैं। यदि जांच में घी मिलावटी या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित व्यवसायी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से समझौता नहीं

यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ