भोपाल को दहला देने वाले चर्चित मामले: वसुंधरा से ट्विशा तक, कई घटनाओं ने बटोरी राष्ट्रीय सुर्खियां



(फिरदोस अंसारी)


भोपाल। "भोपाल की फ़िज़ा पूछती है हर गुजरते वक़्त से, कितनी जानें और जाएंगी अमन की तलाश में..."

हाल ही में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने एक बार फिर भोपाल को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। यह मामला फिलहाल सीबीआई जांच के अधीन है और यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का। जांच के अंतिम निष्कर्ष का इंतजार है, लेकिन यह निर्विवाद सत्य है कि एक परिवार ने अपनी बेटी को खो दिया है।

भोपाल में यह पहला मामला नहीं है जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा हो। पिछले डेढ़ दशक में राजधानी कई ऐसे सनसनीखेज अपराधों की गवाह रही है, जिनकी जांच और सुनवाई लंबे समय तक राष्ट्रीय बहस का विषय बनी रही। इनमें वसुंधरा बुंदेला हत्याकांड, आरटीआई कार्यकर्ता शेहला मसूद की हत्या, सीरियल किलर आदेश खामरा का मामला और अब ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण प्रमुख हैं।

1. वसुंधरा बुंदेला हत्याकांड (11 दिसंबर 2009)

भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में 11 दिसंबर 2009 को वसुंधरा उर्फ निशि बुंदेला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामला उस समय अत्यधिक चर्चित हुआ जब जांच में भाजपा के पूर्व विधायक एवं बाहुबली नेता अशोक वीर विक्रम सिंह उर्फ भैया राजा का नाम सामने आया।
जांच एजेंसियों के अनुसार वसुंधरा और भैया राजा के बीच संबंध थे। आरोप लगे कि युवती के गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात कराया गया और बाद में उसकी हत्या करवा दी गई। छतरपुर निवासी वसुंधरा भोपाल में रहकर फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थीं। न्यायालय ने मामले में भैया राजा सहित अन्य आरोपियों को दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी।

2. शेहला मसूद हत्याकांड (26 अगस्त 2011)

आरटीआई कार्यकर्ता और वन्यजीव संरक्षण के मुद्दों पर सक्रिय शेहला मसूद की 26 अगस्त 2011 को उनके कोहेफिजा स्थित घर के बाहर कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई। शुरुआती दौर में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था। जांच के दौरान कई चर्चित नाम सुर्खियों में आए। भाजपा विधयाक ध्रुव नारायण से भी पूछताछ को गई थी, जिन्हे सीबीआई  ने क्लीन चिट दे दी थी।बाद में सीबीआई ने खुलासा किया कि यह सुपारी किलिंग का मामला था।
जांच में सामने आया कि जाहिदा परवेज ने हत्या की साजिश रची थी। भोपाल के शाकिब उर्फ डेंजर के माध्यम से सुपारी दी गई, जो आगे अन्य आरोपियों तक पहुंची। अंततः कानपुर से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा हुआ और न्यायालय ने दोषियों को सजा सुनाई।

3. सीरियल किलर आदेश खामरा की गिरफ्तारी (2018)

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में ट्रक चालकों एवं क्लीनरों की सिलसिलेवार हत्याओं से जुड़े सीरियल किलर आदेश खामरा को वर्ष 2018 में भोपाल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया था।

रायसेन जिले के मंडीदीप निवासी आदेश खामरा पेशे से दर्जी था, लेकिन रात के अंधेरे में वह अपने साथियों के साथ ट्रक चालकों की हत्या कर वाहन और माल लूटता था। पुलिस जांच में उसके गिरोह पर 30 से अधिक हत्याओं में शामिल होने के आरोप सामने आए।

बिलखिरिया क्षेत्र में ट्रक चालक की हत्या और सरिया लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली। बाद में कई राज्यों की पुलिस ने भी उससे जुड़े मामलों की जांच की। हत्या और लूट के मामलों में आरोपियों को न्यायालय से सजा मिली।

4. ट्विशा शर्मा मौत मामला, जाँच जारी (2026)

12 मई 2026 को नोएडा की मॉडल एवं अभिनेत्री ट्विशा शर्मा भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन परिजनों ने दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया, जिसके बाद सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के उपरांत सीबीआई जांच का रास्ता साफ हुआ। सीबीआई ने पति समर्थ सिंह तथा पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह से पूछताछ की। घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया गया और घटनाक्रम को समझने के लिए डमी परीक्षण भी किया गया।
जांच के दौरान गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्त होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में मामले के आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और सीबीआई मौत के वास्तविक कारणों की गहन जांच कर रही है।


नोट: ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण की जांच वर्तमान में सीबीआई द्वारा की जा रही है। मामले में अंतिम निष्कर्ष आना शेष है। इस समाचार में उल्लिखित संदर्भ किसी व्यक्ति या पक्ष को दोषी ठहराने के उद्देश्य से नहीं दिए गए हैं। मामले से जुड़े तथ्य जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के अंतिम निष्कर्षों पर निर्भर होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ