अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा, एमपी पुलिस की इंस्पेक्टर दीपिका गौतम ने रचा इतिहास

 


(शेख फ़िरोज़)

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की निरीक्षक दीपिका गौतम ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट किलिमंजारो फतह कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्होंने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट की। श्री मकवाणाने उन्हें बधाई देते हुए उनकी सफलता को मध्यप्रदेश पुलिस की महिला अधिकारियों की क्षमता, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित मुलाकात के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी जयदीप प्रसाद और पुलिस महानिरीक्षक एससीआरबी हरिनारायणचारी मिश्र भी उपस्थित रहे।


5685 मीटर पर पहुंचकर फहराया तिरंगा

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) में पदस्थ निरीक्षक दीपिका गौतम ने 29 मई  को अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो के गिलमन्स प्वाइंट (5685 मीटर) पर पहुंचकर तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया। इस अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान में वे भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं।
इस उपलब्धि के साथ दीपिका गौतम मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने तंजानिया स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्वत शिखर को सफलतापूर्वक फतह कर प्रदेश पुलिस का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।


पांच दिन का था बेहद कठिन अभियान

माउंट किलिमंजारो अभियान पांच दिनों तक चला और इसे दुनिया के चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण अभियानों में गिना जाता है। अभियान के दौरान तीन बेस कैंप पार करने के बाद अंतिम चढ़ाई रात में शुरू की गई। इस दौरान तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लगातार बदलते मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद निरीक्षक दीपिका गौतम ने अदम्य साहस, धैर्य और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए सफलता हासिल की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ