दिनदहाड़े बैंक ऑफ इंडिया में घुसा बदमाश, उप निरीक्षक पर नुकीले हथियार से किया हमला; फाइलों में आग लगाकर पेट्रोल व पटाखों के सहारे भागने की कोशिश, एक आरोपी गिरफ्तार
(विशेष संवाददाता)
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शनिवार को बैंक ऑफ इंडिया की परासिया रोड स्थित शाखा में लूट की सनसनीखेज कोशिश को पुलिस ने अपनी मुस्तैदी से नाकाम कर दिया। बैंक के भीतर घुसे आरोपी ने पहले बैंक के रिकॉर्ड रूम में आग लगाकर अफरा-तफरी मचाने कि कोशिश की, फिर पेट्रोल और पटाखों के जरिए aधुएं और धमाकों का सहारा लेकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने उप निरीक्षक नारायण बघेल पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई। घायल होने के बावजूद उप निरीक्षक ने पीछे हटने के बजाय मुस्तैदी से डटे रहें , जिसके चलते पुलिस ने आरोपी को मौके से दबोच लिया और करोड़ों रुपये की संभावित डकैती टल गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल बैंक पहुंचे। पुलिस ने बैंक और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, जिससे आरोपी के भागने के रास्ते बंद हो गए। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने बच निकलने के लिए बैंक के भीतर धुआं फैलाने और धमाके जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की।
रिकॉर्ड रूम में आग, लॉकर तक पहुंचने का प्रयास
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक के रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलों में आग लगा दी। आग से कुछ दस्तावेज प्रभावित हुए हैं। जांच के दौरान लॉकर और बैंक के अन्य हिस्सों में छेड़छाड़ के निशान भी मिले हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी का मकसद बैंक में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान तक पहुंचना था, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंचने से उसकी योजना अधूरी रह गई।
धुएं की चाल भी नहीं आई काम
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फाइलों में आग लगाने के साथ पेट्रोल और पटाखों का इस्तेमाल कर घना धुआं फैलाया, ताकि पुलिस भ्रमित होकर उसे भागने का मौका दे दे। हालांकि पुलिस ने संयम बनाए रखा और पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
सीसीटीवी में फिलहाल एक ही संदिग्ध
कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार अब तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में केवल एक ही आरोपी दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में उसके अन्य साथी शामिल थे या नहीं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क, हथियारों तथा संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटनास्थल से पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। आगजनी, पेट्रोल के इस्तेमाल, नुकीले हथियार और बैंक परिसर में मिले अन्य सबूतों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ