मोबाइल सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित, समय पर पहुंचने और ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश
(शहर संवाददाता)
भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) रविवार 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश
एनटीए के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएंगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सामान्य अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। वहीं पात्र दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 65 मिनट का समय दिया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी, एक वैध फोटो पहचान पत्र, दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो और प्रवेश पत्र पर निर्धारित पोस्टकार्ड आकार की फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी अभ्यर्थियों को फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंध
एनटीए ने मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, नोट्स, किताबें, पर्स, हैंडबैग, कैमरा, खाद्य सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। उत्तर लिखने के लिए बॉल प्वाइंट पेन परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। मोटे कपड़े, बड़े बटन, अधिक जेब वाले वस्त्र, बेल्ट, घड़ी और आभूषण पहनकर आने से बचने को कहा गया है।

0 टिप्पणियाँ