(शहर संवाददाता)
भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 21 जून , रविवार को भोपाल के 32 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, शहर में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और घर से समय से पहले निकलें।
आनंद नगर स्थित सेंटर तक जाने के लिए...
आनंद नगर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जाने वाले अभ्यर्थियों को टीटी नगर, एमपी नगर, कोलार रोड और पुराने भोपाल से चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा एवं पिपलानी पेट्रोल पंप मार्ग से पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रभात चौराहा से पिपलानी के बीच मेट्रो निर्माण के कारण मार्ग संकरा हो गया है।
गौतम नगर स्थित सेंटर तक के लिए चुने यह मार्ग
वहीं गौतम नगर स्थित शासकीय गीतांजलि कन्या पीजी कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा होते हुए डीआईजी बंगला चौराहा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। डीआईजी बंगला और काजी कैंप के बीच मेट्रो निर्माण के कारण सड़क संकरी हो गई है।
लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध
परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहन पार्क न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने परीक्षा केंद्र का स्थान पहले से देख लें और परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले घर से निकलें।
किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता के लिए नागरिक यातायात हेल्पलाइन नंबर 7049104825 और 7049104640 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर भी सूचना दी जा सकती है।

0 टिप्पणियाँ