कॉलोनियों की समस्याओं के लिए लगी विशेष जनसुनवाई, 287 शिकायतें पहुंचीं

 




(शहर संवाददाता)


भोपाल। शहर की कॉलोनियों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। यह जनसुनवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर एडीएम सुमित पांडे की अध्यक्षता में हुई।


जनसुनवाई में कुल 287 शिकायतें मिलीं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें सड़क, पानी, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं की कमी को लेकर थीं। वहीं कई लोगों ने बिल्डरों पर पैसे लेने के बावजूद मकान का कब्जा नहीं देने और कॉलोनियों में विकास कार्य अधूरे छोड़ने का आरोप लगाया।


कार्यक्रम में नगर निगम, सहकारिता विभाग, सभी एसडीएम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। करीब 15 प्रतिशत शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।


एडीएम सुमित पांडे ने बताया कि जिन मामलों का तुरंत समाधान नहीं हो सका है, उन पर संबंधित विभागों और बिल्डरों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है। जिन बिल्डरों ने कॉलोनियों में सड़क, पानी और बिजली जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं, उन्हें जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई होगी। जिन क्षेत्रों से सबसे ज्यादा शिकायतें मिली हैं, वहां भविष्य में क्षेत्रवार विशेष जनसुनवाई आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ