(शहर संवाददाता)
भोपाल। राजधानी में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 15.89 हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 42 करोड़ 38 लाख 36 हजार 976 रुपये बताया गया है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत राजस्व विभाग और जिला स्तर पर गठित संयुक्त दल ने शहर के कई हिस्सों में कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
संयुक्त दल ने हुजूर, एम.पी. नगर, संत हिरदाराम नगर, कोलार, शहर वृत्त, टी.टी. नगर और गोविंदपुरा राजस्व क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 15.88964 हेक्टेयर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2026-27 की कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 42.38 करोड़ रुपये आंका गया है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमित अभियान जारी रखा जाए तथा नए अतिक्रमण की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ