भोपाल में सड़क सुरक्षा पर बड़ा अभियान: कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने किया संयुक्त निरीक्षण, लेफ्ट टर्न बाधारहित बनाने के निर्देश

 



पॉलिटेक्निक से बागसेवनिया चौराहे तक यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा, हॉटस्पॉट्स पर जल्द शुरू होंगे सुधार कार्य


(शहर संवाददाता)

भोपाल। राजधानी में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त पहल तेज कर दी है। शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शहर के प्रमुख चौराहों का संयुक्त निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, स्मार्ट सिटी मार्ग और बागसेवनिया चौराहा का दौरा कर यातायात की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होंने विशेष रूप से चौराहों पर लेफ्ट टर्न को पूरी तरह बाधारहित और सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया, ताकि व्यस्त समय में भी वाहनों का आवागमन बिना रुकावट जारी रह सके।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग, स्पष्ट संकेतक (साइनेज), रोड मार्किंग और यातायात नियमों के प्रभावी पालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी क्षेत्र और डिपो चौराहे का भी सूक्ष्म अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और यातायात पुलिस के समन्वय से चिन्हित यातायात हॉटस्पॉट्स पर शीघ्र सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम, स्मार्ट सिटी, राजस्व विभाग तथा यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य राजधानी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ