गड़े धन के लालच में पिता ने दी बेटी की बलि! तीन महीने बाद खुला सनसनीखेज हत्याकांड

 



(शहर संवाददाता)


भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र में तीन महीने से लापता किशोरी नंदनी की गुमशुदगी का मामला एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड में बदल गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि लापता हुई नंदनी की हत्या उसके ही पिता ने कथित तौर पर गड़े धन की प्राप्ति के अंधविश्वास में अपने दो साथियों के साथ मिलकर कर दी। हत्या के बाद शव को खेत में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

करीब तीन महीने तक पुलिस लगातार किशोरी की तलाश करती रही। इस दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर संदेह मृतका के पिता पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गड़े धन की प्राप्ति के लिए कथित बलि देने के अंधविश्वास में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर नंदनी की हत्या की। इसके बाद शव को एक खेत में ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे उसके दो साथी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मामले की जांच में पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले प्रमाणों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी शामिल कर रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ