(शहर संवाददाता)
भोपाल। भोपाल संभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा है कि लोगों का भरोसा होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा पद्धति पर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में शासकीय होम्योपैथी और यूनानी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
सोमवार को पंडित खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय और हकीम सैयद जिया उल हसन शासकीय (स्वशासी) यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने की।
आधुनिक बनाया जाएगा पैथोलॉजी लैब
बैठक में होम्योपैथी कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के आधुनिकीकरण और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही पैथोलॉजी लैब को आधुनिक बनाया जाएगा।
भोजन व्यवस्था होंगी बेहतर
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेडियोलॉजी विभाग के लिए कलर डॉप्लर मशीन लगाने और अस्पताल में मरीजों के भोजन की व्यवस्था बेहतर करने के लिए ऑटोमैटिक रोटी मशीन स्थापित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी गई। इसके अलावा एनएबीएच मानकों के अनुसार अस्पताल में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आयुष परिसर में प्रस्तावित 200 बिस्तरों वाले बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्य, अस्पताल अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सक, आयुष विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ