(शहर संवाददाता)
भोपाल। राजधानी में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 11 अगस्त (मंगलवार) को भोपाल जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह अवकाश लागू रहेगा। इसमें शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ MPBSE, CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय भी शामिल हैं।
विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा
भारी बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 11 अगस्त को स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगेंगी। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षक-कर्मचारियों के लिए अलग निर्देश
आदेश में कहा गया है कि शिक्षक और विद्यालय के अन्य कर्मचारी अपने निर्धारित विद्यालयीन समय में स्कूल में उपस्थित रहेंगे।
हालांकि, ऐसे स्कूल जहां अत्यधिक बारिश, बाढ़, जलभराव, नदी-नालों में उफान या रास्ते बंद होने के कारण पहुंचना जोखिमपूर्ण है, वहां किसी शिक्षक या कर्मचारी को केवल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
ऐसे विद्यालयों में शिक्षक और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति का अलग से सत्यापन किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ