लगातार तीसरे दिन तेज बारिश के चलते भोपाल में स्कूलों में छुट्टी

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर एक बार फिर स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्या द्वारा 11 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार 12 अगस्त को भोपाल जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।

आदेश में MPBSE, CBSE, ICSE सहित अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को भी शामिल किया गया है। इस दौरान आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों में ऑनलाइन/वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा सकेंगी।


शिक्षकों-कर्मचारियों को विद्यालय आना होगा

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक एवं कर्मचारी अपने निर्धारित समय में कार्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। हालांकि, अत्यधिक बारिश, बाढ़, मार्ग अवरुद्ध होने, नदी-नालों में उफान अथवा अन्य कारणों से जिन विद्यालयों तक पहुंचना जोखिमपूर्ण हो, वहां किसी शिक्षक या कर्मचारी को केवल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए जोखिम उठाकर विद्यालय पहुंचने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।


ऐसे विद्यालयों में संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन अलग से कर जिला शिक्षा कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित संस्थाओं को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा।


गौरतलब है कि लगातार तीसरे दिन बारिश के चलते स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ