CEIR पोर्टल और साइबर तकनीक से देश के अलग-अलग राज्यों से ट्रेस किए मोबाइल, छिंदवाड़ा और ग्वालियर में बड़ी बरामदगी
(शेख फिरोज)
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइलों की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों, CEIR पोर्टल और साइबर सेल की मदद से बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दो सप्ताह में पुलिस ने 1,808 गुम मोबाइल और एक टैबलेट बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 47 लाख 81 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, छिंदवाड़ा में 501 मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं ग्वालियर में 451 मोबाइल बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये है। ग्वालियर साइबर सेल ने CEIR पोर्टल के जरिए देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से मोबाइल ट्रेस किए।
छतरपुर में 276, दतिया में 173, जबलपुर में 134, सागर में 112, खंडवा में 109 और श्योपुर में 40 मोबाइल बरामद किए गए। सागर साइबर टीम ने IMEI और तकनीकी विश्लेषण के जरिए दूसरे राज्यों में इस्तेमाल हो रहे मोबाइलों को ट्रेस किया।
इधर, जीआरपी इंदौर ने यात्रियों के मोबाइल चोरी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 एंड्रॉइड मोबाइल और एक टैबलेट जब्त किया। इनकी कुल कीमत 1 लाख 88 हजार 689 रुपये है। जीआरपी उज्जैन ने भी दो मोबाइल और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सेकंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले Sanchar Saathi ऐप पर IMEI नंबर की जांच जरूर करें, ताकि चोरी या गुम हुए मोबाइल की खरीद से बचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ