रात में शादी को लेकर विवाद की आशंका,
सिर पर हथौड़े से वार सुबह घर में मिला खून से लथपथ शव
(अपराध संवाददाता)
भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र इलाके के लेकपर्ल कॉलोनी से दतिया में पदस्थ RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया हे। पुलिस को शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाये गए है। शव के पास से पुलिस ने खून से सना हथौड़ा बरामद किया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मीनाक्षी का शव मिलने के कुछ ही समय बाद घर से कुछ दूरी पर उनके परिचित पवन कुमार द्विवेदी का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। पुलिस दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच कर रही है।
रविवार शाम पहुंची थीं घर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी एक महिला मित्र और उसकी तीन साल की बेटी के साथ पवन के घर पहुंची थीं। रात में महिला मित्र और बच्ची एक कमरे में सो गए, जबकि मीनाक्षी दूसरे हिस्से में थीं।
सोमवार सुबह महिला मित्र ने मीनाक्षी को कमरे में मृत हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में खून के निशान और हथौड़ा मिला।
शादी को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी और पवन एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। पुलिस को आशंका है कि रविवार रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और विवाद के दौरान मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से हमला किया गया।
हालांकि पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हत्या की वजह और वारदात का सही क्रम पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों से स्पष्ट होगा।
इंदौर से शुरू हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार पवन मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और पहले इंदौर में कोचिंग चलाता था। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी की उससे पहचान इंदौर में हुई थी। उस समय मीनाक्षी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। बाद में वह RTO विभाग में अधिकारी बनीं।
कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला पवन
मीनाक्षी का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश की। इसी दौरान घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर पवन का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
मोबाइल और फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में मीनाक्षी की हत्या के बाद पवन द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अंतिम सच जांच पूरी होने और फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

0 टिप्पणियाँ