(शेख फिरोज)
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले तीन सप्ताह में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छह राज्यों में कार्रवाई कर 12 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया है।
पुलिस के अनुसार, इन बच्चों की तलाश में टीमें बिहार, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल तक पहुंचीं। इनमें पांच साल से लापता एक बालिका भी शामिल है। कई मामलों में पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे राज्यों में बच्चों का पता लगाया।
24 घंटे में दो बड़ी सफलताएं
टीकमगढ़ जिले की लिधौरा पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मेरठ से एक अपहृत नाबालिग बालिका को बरामद कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। वहीं, बल्देवगढ़ पुलिस ने उत्तरप्रदेश के हमीरपुर से दो अन्य नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया।
सिंगरौली जिले की नवानगर पुलिस ने भी 24 घंटे के भीतर उत्तरप्रदेश के वाराणसी से दो नाबालिग बालकों को खोज निकाला और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया।
पांच साल से लापता बालिका मिली
मुरैना की मानव दुर्व्यापार निरोधी इकाई ने पांच साल पहले सिहोनिया क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को राजस्थान के धौलपुर से खोज निकाला। वहीं, नर्मदापुरम जिले की माखननगर पुलिस ने पांच महीने से लापता बालिका को महाराष्ट्र से सकुशल बरामद किया।
गुजरात और केरल तक पहुंची पुलिस
ग्वालियर की माधौगंज पुलिस ने 15 वर्षीय बालिका को गुजरात के मेहसाणा जिले से बरामद किया। भिंड की मेहगांव पुलिस ने सूरत से एक गुमशुदा बालिका को खोजा। इंदौर की तेजाजी नगर पुलिस ने 17 वर्षीय अपहृता को गुजरात के राजकोट जिले से दस्तयाब किया।
इसी तरह बालाघाट की कोतवाली पुलिस ने केरल के इडुक्की जिले से एक अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया और मामले में 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया।
कटनी की बहोरीबंद पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से घर से बिना बताए गई एक युवती को खोजकर परिजनों तक पहुंचाया।
तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों से मिली सफलता
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों में साइबर सेल, तकनीकी संसाधनों, मुखबिर तंत्र और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय की मदद ली गई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस का प्रयास गुमशुदा और अपहृत बच्चों को तलाशकर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना है।

0 टिप्पणियाँ