(शेख फिरोज)
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लूट और चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में करीब 16 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात के साथ लूटी गई कार और स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सतना, खंडवा, पन्ना, इंदौर और बालाघाट पुलिस ने अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की है।
सतना: पांच चोरी की वारदातों का खुलासा
सतना के सिविल लाइन थाना पुलिस ने पांच चोरी के मामलों का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। आरोपियों के पास से करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
खंडवा: किसान के चोरी हुए 8 लाख रुपये बरामद
खंडवा में कपास बेचकर लौट रहे एक किसान के 8 लाख रुपये बस स्टैंड से चोरी हो गए थे। पुलिस ने जांच के बाद महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली।
पन्ना: कार लूट के चार घंटे में दो आरोपी पकड़े
पन्ना के मड़ला घाटी क्षेत्र में बदमाशों ने कट्टा दिखाकर और चालक के साथ मारपीट कर शिफ्ट डिजायर कार लूट ली थी। पुलिस ने नाकाबंदी कर घटना के महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक है। लूटी गई कार और एक हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। गिरोह के मुख्य आरोपी पर उत्तर प्रदेश में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इंदौर: स्कूटी लूट का 24 घंटे में खुलासा
इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक व्यक्ति के सिर पर कड़े से हमला कर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी लूट ली थी। पुलिस ने 24 घंटे से कम समय में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से सात अपराध दर्ज हैं।
बालाघाट: चोरी के जेवर शत-प्रतिशत बरामद
बालाघाट के कोसमी गांव में एक सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी किए गए थे। ग्रामीण नवेगांव पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने चोरी के सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरण भी जब्त किए गए।

0 टिप्पणियाँ