धनतेरस पर मध्यप्रदेश पुलिस का बड़ा तोहफा, 3.90 करोड़ के मोबाइल लौटाकर लौटाई लोगों की मुस्कान

 



पांच दिन में 1,748 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल की मदद से प्रदेशभर में चला विशेष 


(शेख फिरोज)


भोपाल, 6 नवंबर। किसी का मोबाइल महीनों पहले गुम हो गया था तो किसी का चोरी हो गया था। मोबाइल मिलने की उम्मीद भी कई लोग छोड़ चुके थे, लेकिन धनतेरस पर मध्यप्रदेश पुलिस ने ऐसे लोगों को खास तोहफा दिया। प्रदेशभर में चलाए गए पांच दिवसीय अभियान में पुलिस ने 1,748 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी कुल अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये है। पुलिस ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे तो कई चेहरों पर खुशी लौट आई।

इस अभियान में पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों की साइबर सेल और पुलिस टीमों ने मिलकर यह कार्रवाई की।


उज्जैन और इंदौर में सबसे ज्यादा मोबाइल बरामद

उज्जैन पुलिस ने 524 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं इंदौर में 323 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें चोरी के 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल भी शामिल हैं, जिनकी कीमत 11.40 लाख रुपये है।


इन जिलों में भी पुलिस को मिली सफलता

नरसिंहपुर में 201 मोबाइल फोन (75 लाख रुपये), छिंदवाड़ा में 151 (26.58 लाख रुपये), मंदसौर में 115 (23 लाख रुपये), खंडवा में 102 (21.81 लाख रुपये) और पांढुर्णा में 111 मोबाइल फोन (18.50 लाख रुपये) बरामद किए गए।

इसके अलावा सतना में 115 और जबलपुर में 86 मोबाइल फोन खोजे गए। शिवपुरी पुलिस ने दुकान से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।


तकनीक ने आसान की खोए मोबाइल की तलाश

पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। इस अभियान ने उन लोगों को बड़ी राहत दी, जो अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे। दीपावली से पहले मोबाइल की वापसी मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से नागरिकों के लिए खुशियों भरी सौगात साबित हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ