आईसीएमआर ने दी मंजूरी, स्तन और फेफड़ों के कैंसर की पहचान व बेहतर इलाज में मिलेगी मदद
(शहर संवाददाता)
भोपाल। कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। भोपाल के बीएमएचआरसी (भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर) में जल्द ही अत्याधुनिक डायमंड्स लैब शुरू होने जा रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR), नई दिल्ली ने इसकी स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस लैब के शुरू होने से स्तन और फेफड़ों के कैंसर के मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचें मुफ्त उपलब्ध होंगी।
बीएमएचआरसी की निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव के अनुसार, इस लैब में कैंसर की सामान्य जांचों के अलावा ऐसी विशेष जांचें भी होंगी, जिनसे बीमारी की प्रकृति और कैंसर कोशिकाओं में होने वाले बदलावों का पता लगाया जा सकेगा। इससे डॉक्टरों को मरीज के लिए सही इलाज चुनने में मदद मिलेगी।
कैंसर के हिसाब से तय होगा इलाज
स्तन कैंसर के मरीजों की ER, PR, HER2 और Ki-67 जांच की जाएगी, जबकि फेफड़ों के कैंसर के मरीजों के लिए EGFR, ALK और ROS1 जैसी विशेष जांचें उपलब्ध होंगी। इन जांचों से यह समझने में मदद मिलेगी कि मरीज को हार्मोन आधारित दवाओं या विशेष लक्षित दवाओं से कितना फायदा मिल सकता है।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हर मरीज को उसकी बीमारी की स्थिति और कैंसर की प्रकृति के अनुसार इलाज देने की योजना बनाई जा सकेगी।
बड़े शहरों पर निर्भरता होगी कम
डायमंड्स लैब शुरू होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को इन विशेष जांचों के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बीएमएचआरसी में ही आधुनिक जांच सुविधा मिलने से मरीजों का समय और खर्च बचाने में मदद मिलेगी।

0 टिप्पणियाँ