डेढ़ साल से खाना-पानी तक नहीं निगल पा रहा था 25 वर्षीय युवक, बीएमएचआरसी में जटिल ऑपरेशन सफल; आयुष्मान योजना से हुआ मुफ्त इलाज
(शहर संवाददाता)
भोपाल। एसिड पीने से पूरी तरह खराब होकर बंद हो चुकी आहार नली को डॉक्टरों ने बड़ी आंत के एक हिस्से की मदद से दोबारा तैयार कर दिया। बीएमएचआरसी में 25 वर्षीय युवक का यह जटिल ऑपरेशन सफल रहा। युवक पिछले डेढ़ साल से मुंह के रास्ते खाना तो दूर, पानी तक नहीं पी पा रहा था। अब वह दोबारा भोजन करने लगा है और उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। इस पूरे इलाज पर मरीज को कोई खर्च नहीं करना पड़ा। ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया।
अस्पताल के उदर रोग शल्यक्रिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रमोद वर्मा ने बताया कि युवक ने करीब डेढ़ साल पहले एसिड पी लिया था। इससे उसकी आहार नली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाद में पूरी तरह बंद हो गई। डॉक्टरों ने दूरबीन (एंडोस्कोपी) के जरिए आहार नली खोलने की कोशिश की, लेकिन रास्ता पूरी तरह बंद होने के कारण सफलता नहीं मिली। ऐसी स्थिति में स्टेंट डालना भी संभव नहीं था।
जब पेट से भोजन पहुंचाने का रास्ता भी नहीं था स्थायी समाधान
मरीज को पोषण देने के लिए पहले एक वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था, जिससे छोटी आंत तक तरल भोजन पहुंचाया जा रहा था। हालांकि, यह स्थायी इलाज नहीं था और मरीज को लंबे समय तक परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसके बाद डॉक्टरों ने आहार नली का दोबारा निर्माण करने की योजना बनाई।
आमाशय खराब था, इसलिए बड़ी आंत से बनाई नई आहार नली
डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि एसिड से मरीज का आमाशय भी खराब हो चुका था। ऐसे में आमाशय से नई आहार नली बनाना संभव नहीं था। इसके लिए बड़ी आंत के स्वस्थ हिस्से का इस्तेमाल करने का फैसला लिया गया। ऑपरेशन के दौरान बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा सावधानी से अलग किया गया। उसकी खून की सप्लाई सुरक्षित रखते हुए उसे ऊपर ले जाकर आहार नली के स्वस्थ हिस्से से जोड़ दिया गया। दूसरे सिरे को छोटी आंत से जोड़ा गया। साथ ही बड़ी आंत के बचे हुए हिस्से को भी आपस में जोड़कर उसकी सामान्य कार्यप्रणाली बहाल की गई। इस तरह भोजन और पानी के लिए नया रास्ता तैयार हो सका।
दो विभागों की संयुक्त टीम ने किया चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन
सीटीवीएस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरिराज गर्ग ने बताया कि यह ऑपरेशन तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण था। बड़ी आंत के हिस्से को सुरक्षित तरीके से तय रास्ते से ऊपर ले जाना और उसके दोनों सिरों को सही जगह जोड़ना जरूरी था। पुरानी एसिड इंजरी के कारण शरीर के अंदर के ऊतकों में भी बदलाव आ चुके थे, जिससे ऑपरेशन और मुश्किल हो गया था। उदर रोग शल्यक्रिया और सीटीवीएस विभाग की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ सर्जरी पूरी की।
ऑपरेशन के बाद मरीज ने मुंह से भोजन लेना शुरू कर दिया है और धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है। सर्जरी करने वाली टीम में एनेस्थीशियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. अनुराग यादव और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिल्पा तिवारी भी शामिल रहे।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त आहार नली का दोबारा निर्माण करना बेहद जटिल प्रक्रिया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के आपसी तालमेल से मरीज के लिए भोजन का नया रास्ता तैयार करना संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऐसे जटिल मामलों के इलाज के लिए विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के बीच समन्वय से चिकित्सा सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ