शादाब समीर (लकी)
बैतूल। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय की आवक-जावक शाखा में आम नागरिकों के साथ हो रहे व्यवहार ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां आवेदन जमा करने पहुंचे लोगों को इंतजार, बेरुखी और कथित अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा।
मामला 26 नवंबर का है। दोपहर करीब 12:45 बजे से 2:20 बजे तक एक युवक आवेदन जमा करने के लिए इंतजार करता रहा। हैरानी की बात यह थी कि संबंधित महिला कर्मचारी शाखा के भीतर ही बैठकर लंच कर रही थीं, जबकि बाहर कई लोग अपने आवेदन जमा करने के लिए इंतजार कर रहे थे।
आवेदन देने के लिए काउंटर तक पहुंचने वाले लोगों को महिला कर्मचारी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए कमरे से बाहर जाने के लिए कहती रहीं। इतना ही नहीं, वहां मौजूद लोगों के मुताबिक महिला कर्मचारी उन्हें दोपहर 3 बजे के बाद आने के लिए भी कह रही थीं। यानी आवेदन जमा कराने पहुंचे नागरिकों को अपनी बारी के लिए और इंतजार करने की सलाह दी जा रही थी।
एक युवक करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करता रहा, जबकि उसे आगे अपनी ड्यूटी पर भी पहुंचना था। महिला कर्मचारी अपना नाम बताने से भी बचती रहीं, जबकि उनके सामने रखी नेम प्लेट पर शिल्पा शिपने नाम लिखा हुआ था।
बैतूल जिले की 11 तहसीलों और 1,358 राजस्व ग्रामों से लोग अपनी समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। कई लोग बसों और ट्रेनों से लंबी दूरी तय कर कलेक्ट्रेट आते हैं। उनके लिए समय और किराया दोनों महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में आवेदन जमा करने के लिए घंटों इंतजार और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
सवाल यह है कि क्या कलेक्ट्रेट की आवक-जावक शाखा में आम नागरिकों के आवेदन किसी कर्मचारी की सुविधा और मर्जी से लिए जाएंगे? लंच के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होना और लोगों को 3 बजे के बाद आने के लिए कहना प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।

0 टिप्पणियाँ