(विशेष संवाददाता)
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कथित कूटरचित वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भोपाल क्राइम ब्रांच ने भाजपा की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
24 नवंबर को भाजपा ने की थी शिकायत
इस मामले में 24 नवंबर 2026 को भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल के साइबर क्राइम थाने पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल ने क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल को लिखित शिकायत सौंपकर पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट से नितिन नवीन का कथित रूप से एडिटेड वीडियो साझा किया है। भाजपा का कहना था कि मूल वीडियो में बदलाव करके उनके बयान का अर्थ बदलने और लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई।
वीडियो को लेकर विवाद का कारण
भाजपा की शिकायत के मुताबिक, विवादित वीडियो में नितिन नवीन को चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रतिनिधियों को भारत बुलाने और इसके पीछे चीन के दबाव की बात कहते हुए दिखाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मूल संबोधन के साथ छेड़छाड़ करके ऐसा वीडियो तैयार किया गया, जिससे नितिन नवीन के वास्तविक वक्तव्य का अलग अर्थ निकलता है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को शिकायत के साथ नितिन नवीन का मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया था, ताकि दोनों वीडियो का मिलान किया जा सके।
संतोष वर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस मामले में छत्रसाल नगर फेस-2, पिपलानी निवासी संतोष वर्मा (57) ने शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कथित कूटरचित वीडियो पीसी शर्मा के फेसबुक अकाउंट से प्रसारित किया गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस करेगी वीडियो की जांच
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मूल वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित एडिटेड वीडियो का मिलान करेगी। इसके साथ ही वीडियो की वास्तविकता, उसमें किए गए संभावित बदलाव और उसे प्रसारित करने में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ