(विशेष संवाददाता)
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी स्थित सेंट्रल जेल से एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल में पदस्थ एक महिला प्रहरी ने जेल के प्रशासनिक जेलर मगनू सिंह मरावी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी जेलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला प्रहरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रशासनिक जेलर ने उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत मिलने के बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस कर रही है आरोपों की जांच
इस मामले में पुलिस महिला प्रहरी की शिकायत और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना से संबंधित अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।
जेल विभाग की भूमिका पर भी नजर
भोपाल सेंट्रल जेल में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी के खिलाफ इस तरह की शिकायत सामने आने के बाद जेल विभाग की कार्यप्रणाली और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल जेल विभाग की ओर से किसी कार्रवाई या निलंबन की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

0 टिप्पणियाँ