गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन मामले में पुलिस की जांच शुरू, NSUI नेता और काउंसिल अधिकारी को नोटिस

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल। मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी होने का मामला अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। टीटी नगर थाना पुलिस ने इस मामले में NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और नर्सिंग काउंसिल के एक अधिकारी को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस ने 26 नवंबर को जारी नोटिस के माध्यम से दोनों पक्षों को शिकायत के संबंध में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है।


मामले की शुरुआत सितंबर 2026 में हुई थी। NSUI नेता रवि परमार ने नर्सिंग काउंसिल की ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था की खामियों को सामने लाने के लिए एक आवेदन किया था। परमार के अनुसार, आवेदन में आवेदक का नाम 'DONKEY' (गधा), पिता का नाम 'DONKEY FATHER' और माता का नाम 'DONKEY MOTHER' दर्ज किया गया था। जाति के स्थान पर 'ANIMAL' लिखा गया और फोटो के कॉलम में गधे की तस्वीर लगाई गई थी।


परमार का दावा है कि आवेदन में शैक्षणिक योग्यता से जुड़े वास्तविक दस्तावेजों की जगह खाली कागज अपलोड किए गए थे। इसके बावजूद 2,050 रुपये ऑनलाइन शुल्क जमा करने के करीब पांच मिनट बाद 25 सितंबर को डिजिटल नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी हो गया। प्रमाण-पत्र में आवेदक को नर्स एवं मिडवाइफ के रूप में पंजीकृत दर्शाया गया था।


दस्तावेजों के सत्यापन पर उठे सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आवेदक की पहचान और शैक्षणिक योग्यता की जांच किए बिना प्रमाण-पत्र कैसे जारी हो गया।


मामला सामने आने के बाद काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. बीनू कुशवाहा ने पोर्टल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मामले की जांच कराने की बात कही थी। काउंसिल की ओर से ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की बात भी कही गई थी।


संदिग्ध प्रमाण-पत्रों की जांच और एफआईआर की मांग

रवि परमार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल एक प्रमाण-पत्र जारी होने की घटना की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि अब तक जारी सभी संदिग्ध नर्सिंग रजिस्ट्रेशन की भी जांच होनी चाहिए।


उन्होंने अपात्र लोगों के प्रमाण-पत्र निरस्त करने, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।


परमार का कहना है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने की पात्रता से जुड़ा है। यदि बिना उचित शैक्षणिक योग्यता और प्रशिक्षण के किसी व्यक्ति को पंजीयन मिल जाता है तो इसका सीधा असर मरीजों की सुरक्षा पर पड़ सकता है।


फिलहाल टीटी नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि ऑनलाइन आवेदन की जांच किस स्तर पर होनी थी, प्रमाण-पत्र जारी करने में किन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका रही और पोर्टल की तकनीकी व्यवस्था में कहां कमी थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ