(आरिफ खान)
बरेली। शुक्रवार को शहर में जुमे की नमाज के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के एलान के बाद बरेली के अलग-अलग इलाकों में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कानपुर से शुरु हुआ आई लव मोहम्मद मामला शुक्रवार को बरेली मे गर्मा गया। सुबह से ही इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और श्यामगंज मंडी वाले रोड पर बैरिकेडिंग के साथ भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। सैलानी इलाका भी बंद रहा।
जैसे-जैसे दोपहर हुई, लोग घरों से बाहर निकलने लगे। जुमे की नमाज के बाद लोग जुलूस के रूप में सड़कों पर नारेबाजी करते हुए निकले। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। भीड़ छंटने के बाद सड़कें पत्थर और चप्पलों से भरी नजर आईं।
आईएमसी के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो जारी कर मीडिया में चल रही खबरों को गलत बताया और कहा कि कुछ मुखबिरों ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर साजिश रची है। उन्होंने अपने एलान के मुताबिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नौमहला मस्जिद और खलील स्कूल के पास भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी के साथ गुस्सा जताया, वहीं कुछ शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की।
पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों और उकसाने वाले तत्वों में भेद करते हुए कुछ लोगों को खदेड़ दिया। मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद कर सुरक्षा बलों ने स्थिति पर काबू पाया। डीआईजी रेंज बरेली अजय कुमार साहनी ने कहा कि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और केवल कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करना चाहते थे।
बाजार और रोडवेज बस अड्डे पर शाम पांच बजे तक सन्नाटा पसरा रहा।
इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को सुबह से ही छावनी में तब्दील किया गया।
श्यामगंज और सैलानी इलाकों में भारी पुलिस फोर्स तैनात।
जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी।
खलील स्कूल और आसपास वाहनों व दुकानों में तोड़फोड़।
पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कर स्थिति नियंत्रण में ली।
मौलाना तौकीर रजा खां को नजरबंद किया गया।
डीआईजी ने कहा: नमाज शांतिपूर्ण रही, शरारती तत्वों को खदेड़ा गया। उन्होंने कहा लोग अफवाहों पर ध्यान ना दे।