(शहर संवाददाता)
भोपाल। मक्का और मदीना में भोपाल रियासत के हज यात्रियों के लिए बनी रुबातों के संचालन में कथित अनियमितता और धोखाधड़ी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरिफ मसूद ने बुधवार को वक़्फ़ बोर्ड अध्यक्ष सनव्वार पटेल को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
विधायक मसूद ने मुतवल्लिया सबा अली खान पटौदी और सिकंदर पर हज यात्रियों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इस संबंध में दस्तावेज भी वक्फ बोर्ड को सौंपे।
प्रेस वार्ता में मसूद ने कहा कि वर्षों से कई बैठकों में रुबातों को शुरू करने के आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके चलते हर वर्ष हज यात्रियों को मक्का और मदीना में ठहरने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि रुबातों की स्थापना वक्फ दाताओं की मंशा के अनुसार भोपाल के हज यात्रियों को निःशुल्क या सुलभ आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन वर्तमान प्रबंधन की लापरवाही से यह उद्देश्य अधूरा पड़ा है।
मसूद ने बताया कि मामले का संज्ञान National Human Rights Commission भी ले चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी जवाबदेही से बचने की कोशिश कर सकते हैं।
विधायक ने आरोपियों के पासपोर्ट जब्त करने, पुलिस में मामला दर्ज करने और हज यात्रियों को शीघ्र रुबात सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ