भोपाल। भारत की जनगणना 2026-27 के तहत भोपाल संभाग में सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संभागायुक्त संजीव सिंह ने बताया कि 1 मई से मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य शुरू होगा, जो 30 मई तक चलेगा। कार्य को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश सभी कलेक्टरों को दिए गए हैं।
भोपाल जिले में शहरी क्षेत्र को 25 चार्जों में विभाजित कर 5042 प्रगणक तथा ग्रामीण क्षेत्र में 907 प्रगणकों की तैनाती की गई है। जिले में कुल 6000 से अधिक कर्मचारी इस कार्य में लगाए जाएंगे। गणना के दौरान मकानों की जियो-टैगिंग के साथ 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।
रायसेन जिला स्व-गणना में प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जहां 29 अप्रैल तक 93,779 नागरिकों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है।
राजगढ़ जिले में 23 चार्ज अधिकारी, 2676 प्रगणक और 448 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। अब तक 43,120 परिवारों ने स्व-गणना पूरी की है, जिससे जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।
विदिशा में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां करीब 2.99 लाख मकानों का सूचीकरण किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं और स्व-गणना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया है।
सीहोर जिले में 2400 से अधिक प्रगणकों की तैनाती की गई है। सभी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और स्व-गणना का कार्य भी पूरा हो गया है।
प्रशासन के अनुसार, जनगणना के पहले चरण में सभी आवासों को विशिष्ट पहचान संख्या दी जाएगी और डिजिटल मैपिंग सुनिश्चित की जाएगी।

1 टिप्पणियाँ
Good
जवाब देंहटाएं