भोपाल में राशन माफिया पर शिकंजा: 9 उचित मूल्य दुकानों पर छापे, बड़ी गड़बड़ियां उजागर

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल। गरीब परिवारों को मिलने वाली खाद्य सामग्री में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में व्यापक जांच अभियान छेड़ दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार और गुरुवार को बरखेड़ा, शाहपुरा और बागसेवनिया क्षेत्रों में ताबड़तोड़ निरीक्षण किए गए, जिनमें कई दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

 मैदान में उतरे अधिकारी, बंद दुकानों पर तत्काल सील

जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान जो दुकानें बंद पाई गईं, उन्हें तुरंत सील कर दिया गया। बाद में संबंधित संचालकों को बुलाकर सील खुलवाकर स्टॉक का मिलान किया जा रहा है।

जांच में खुली पोल, कम तौल, अधूरा राशन और नकद लेन-देन

प्रारंभिक जांच में जो गड़बड़ियां सामने आईं, वे बेहद गंभीर हैं-

हितग्राहियों को कम तौल कर राशन देना

कहीं केवल चावल, तो कहीं सिर्फ गेहूं का वितरण

खाद्यान्न के बदले नकद राशि देना

मशीन में अंगूठा लगवाकर 2 महीने का एंट्री, लेकिन 1 महीने का ही राशन देना

अधिकारियों ने मौके पर हितग्राहियों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति की पुष्टि भी की जा रही है।

"गेंहू या चावल" एक ही समग्री मिलेगी

बागसेवनिया और बागमुगालिया इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक ही व्यक्ति द्वारा संचालित दो दुकानों में अलग-अलग राशन बांटा जा रहा था।

एक दुकान से केवल गेहूं

दूसरी दुकान से सिर्फ चावल

“स्टॉक खत्म” का बहाना बनाकर हितग्राहियों को एक ही प्रकार का राशन लेने को मजबूर किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है।

 इन दुकानों में मिली गड़बड़िया

जांच के दौरान निम्न दुकान क्रमांकों पर स्टॉक में अंतर और अनियमितताओं की शिकायतें मिलीं:

2803208, 2803215, 2803118, 2803119, 2803149, 2803249, 2803131

 जल्द होगी सख्त कार्रवाई

जिला आपूर्ति नियंत्रक ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होते ही दोषी दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से राशन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और अन्य दुकानदारों में भी सतर्कता बढ़ी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ